Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Basti : पीछे के रास्ते घर में घुसे चोर, नकदी समेत लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ

Basti : पीछे के रास्ते घर में घुसे चोर, नकदी समेत लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ

Bhaskar Digital 1 week ago

Harraiya, Basti : हर्रैया थाना क्षेत्र के खैरी ओझा गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, करीब 50 हजार रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, खैरी ओझा गांव निवासी चंदन तिवारी का परिवार रोज की तरह रात में भोजन करने के बाद सो गया था। देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे के रास्ते से भीतर घुस आए। चोरों ने पहले घर में सो रहे लोगों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद उन्होंने बेखौफ होकर कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए तथा उन्हें खंगालते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 50 हजार रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरों का दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि अलमारी और बक्से टूटे पड़े हैं तथा पूरा सामान बिखरा हुआ है। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, हर्रैया पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। हर्रैया पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और अज्ञात चोरों की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital