Dailyhunt
भाई बना भाई का काल:  नशे में चूर बड़े भाई ने छोटे भाई को गोलियों से भूना

भाई बना भाई का काल: नशे में चूर बड़े भाई ने छोटे भाई को गोलियों से भूना

Bhaskar Digital 1 week ago

​मामूली कहासुनी में खूनी खेल, एक के बाद एक दागीं कई गोलियां​घायल की हालत नाजुक, महोली से जिला अस्पताल रेफर

​शराब के जानलेवा नशे और मामूली सी कहासुनी ने महोली में एक हंसते-खेलते परिवार को खून के आंसुओं में डुबो दिया।

महोली कोतवाली क्षेत्र की पताबोझ चौकी के अंतर्गत आने वाले कैम्हरा रघुबर दयाल गांव में शुक्रवार की शाम वो खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। यहाँ शराब के नशे में धुत एक कसाई दिल बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई पर गोलियों की बौछार कर दी। वारदात में घायल युवक को तीन गोलियां लगी हैं और वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

​पूजा के उल्लास में घुला खून का रंग
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पाश बाबू के सात बेटे थे, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है। उनका एक बेटा कौशल उर्फ नन्हे गांव में ही रहता है, जबकि बाकी भाई बाहर रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। दिल्ली में रहकर काम करने वाला ३४ वर्षीय चुम्मन तीन दिन पहले ही परिवार में आयोजित गार्गी देवी की पूजा में शामिल होने के लिए गांव आया था। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन शुक्रवार की शाम इस खुशी को बड़े भाई के सिर चढ़े नशे ने लील लिया।

ताबड़तोड़ फायरिंग से कांपा गांव
शुक्रवार शाम कौशल उर्फ नन्हे शराब के नशे में बुरी तरह धुत होकर घर पहुंचा और छोटे भाई चुम्मन के साथ बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि नशे ने कौशल के सिर पर खून सवार कर दिया। उसने आव देखा न ताव, तमंचा निकालकर अपने सगे भाई चुम्मन पर ताबड़तोड़ गोलियां दागनी शुरू कर दीं। गोली लगते ही चुम्मन चीखता हुआ जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन बेरहम भाई का दिल नहीं पसीजा। उसने जमीन पर गिरे चुम्मन के सीने, बाएं पैर और दाहिने हाथ को निशाना बनाते हुए तीन गोलियां उतार दीं।

​तलाश में जुटी पुलिस
गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहल उठा और कोहराम मच गया। घटना की सूचना पाकर स्थानीय कोतवाली पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और खून से लथपथ चुम्मन को एम्बुलेंस के जरिए महोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चौबे और महोली कोतवाल जेबी पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डट गए। डॉक्टरों ने घायल की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे फौरन जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital