- वैश्विक रिपोर्ट में भारत की डिजिटल प्रगति और एआई क्षमता को मिली बड़ी पहचान
नई दिल्ली। आईसीआरआईईआर-प्रोसस सेंटर फॉर इंटरनेट एंड डिजिटल इकोनॉमी (IPCIDE) द्वारा जारी स्टेट ऑफ इंडिया' डिजिटल इकोनॉमी (SIDE) 2026 रिपोर्ट में भारत को वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में तेजी से उभरती ताकत के रूप में रेखांकित किया गया है।
71 देशों पर आधारित इस अध्ययन में भारत को डिजिटल अर्थव्यवस्था रैंकिंग में 5वां तथा एआई प्रदर्शन सूचकांक में 4वां स्थान प्राप्त हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार भारत ने जर्मनी, फ्रांस, जापान, ब्रिटेन और कनाडा जैसे कई विकसित देशों को पीछे छोड़ते हुए डिजिटल क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। अध्ययन में यह भी सामने आया कि दुनिया के 72 प्रतिशत एआई उपयोगकर्ता अब विकासशील देशों में हैं और भारत तथा चीन मिलकर वैश्विक एआई उपयोग का बड़ा हिस्सा साझा कर रहे हैं।
रिपोर्ट में भारत की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्टार्टअप इकोसिस्टम और तकनीकी नवाचार को इस प्रगति का प्रमुख आधार बताया गया है। भारत को दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी एआई प्रतिभा क्षमता वाला देश भी बताया गया है। इसके साथ ही भारत डिजिटल सेवाओं के निर्यात में भी मजबूत स्थिति में पहुंचा है और सॉफ्टवेयर, आईटी सेवाओं तथा क्लाउड आधारित सेवाओं के माध्यम से लगभग 328 अरब डॉलर का डिजिटल व्यापार दर्ज किया गया है।
अध्ययन में कहा गया है कि एआई तकनीक का प्रसार दुनिया में अब तक की सबसे तेज तकनीकी विस्तार प्रक्रिया बन चुका है। रिपोर्ट के अनुसार डिजिटल अर्थव्यवस्था का वैश्विक स्वरूप अब पारंपरिक पश्चिमी देशों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारत, चीन और सिंगापुर जैसे इंडो-पैसिफिक देशों की भूमिका तेजी से बढ़ी है।
रिपोर्ट में यह भी रेखांकित किया गया कि डिजिटल विकास के साथ साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल असमानता और पर्यावरणीय चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों ने इन जोखिमों से निपटने के लिए मजबूत नीतिगत तैयारी, साइबर सुरक्षा निवेश और सतत डिजिटल विकास मॉडल की आवश्यकता पर बल दिया।
SIDE 2026 रिपोर्ट 'कनेक्ट, हार्नेस, इनोवेट, प्रोटेक्ट और सस्टेन' आधारित विस्तारित CHIPS फ्रेमवर्क पर तैयार की गई है, जिसमें दुनिया की 96 प्रतिशत जीडीपी, 93 प्रतिशत इंटरनेट उपयोगकर्ताओं और 91 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों को शामिल किया गया है।
रिपोर्ट की प्रमुख बातें
- भारत डिजिटल अर्थव्यवस्था रैंकिंग में 8वें से बढ़कर 5वें स्थान पर पहुंचा
- एआई प्रदर्शन में भारत दुनिया में 4वें स्थान पर
- दुनिया के 72 प्रतिशत एआई उपयोगकर्ता विकासशील देशों में
- भारत और चीन वैश्विक एआई उपयोग में अग्रणी
- भारत ने डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में लगभग 328 अरब डॉलर का व्यापार दर्ज किया
- भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एआई टैलेंट हब बना
- साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा चुनौतियों पर रिपोर्ट में चिंता व्यक्त
- डिजिटल विकास के साथ सतत और सुरक्षित तकनीकी ढांचे पर जोर

