भोपाल : साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भोपाल देहात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत मंगलवार को आचारपुरा स्थित एमपीआईडीसी परिसर से जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया।
मैराथन को सुबह 9 बजे भोपाल देहात जोन के पुलिस महानिरीक्षक रुचिवर्धन मिश्र और भोपाल (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन एमपीआईडीसी, आचारपुरा से शुरू होकर आचारपुरा रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, ईटखेड़ी तक निकाली गई।
मैराथन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक सड़कों पर उतरे। प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल और डिजिटल धोखाधड़ी से सतर्क रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर आईजी रुचिवर्धन मिश्र ने कहा कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहकर स्वयं के साथ समाज को भी सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।

