मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देता हुआ एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का झंडा और जिला सचिव का बोर्ड लगी एक थार गाड़ी से एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया।
वारदात रविवार शाम काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस रोड के पास की है। आरोप है कि बेखौफ बदमाश युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपी घायल युवक को अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सरैया थाना क्षेत्र से वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को जब्त कर लिया और साथ ही मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी मोहम्मद रहमान के रूप में हुई है।
नगर क्षेत्र-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जब्त की गई थार गाड़ी राजद के एक जिला सचिव के नाम पर रजिस्टर्ड है और पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद रहमान उसी राजद नेता का भाई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरी वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और पुराना विवाद है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र की एक युवती से उसका परिचय है, जिसे लेकर घायल युवक उसे लगातार धमकियां दे रहा था। इसी रंजिश के चलते इस किडनैपिंग और मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी और पीड़ित पक्ष के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी है।
फिलहाल पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के एंगल से देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वे सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
:Amethi : तेज रफ्तार कार लकड़ी के ढेर पर चढ़ी, युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

