नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की साइबर थाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली बिल अपडेट कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति से करीब ₹6.02 लाख की ठगी की थी।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला ताहिरपुर, न्यू सीलमपुर निवासी मोहन की शिकायत पर दर्ज किया गया था। आरोपी ने खुद को बिजली विभाग (BSES) का कर्मचारी बताकर पहले भरोसा जीता और फिर बिजली बिल में नाम अपडेट कराने का झांसा दिया। इसके बाद पीड़ित से एक फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाई गई।
जैसे ही पीड़ित ने फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल हैक हो गया और खाते से कई ट्रांजेक्शन के जरिए ₹6,02,475 निकाल लिए गए।
इंस्पेक्टर राहुल कुमार के नेतृत्व में साइबर थाना टीम ने तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
- अतुल सिंह 34
- अनुज काशीनाथ सालवी 41
पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने इस ठगी की वारदात कबूल कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि ये आरोपी करीब 10 अन्य ठगी के मामलों में भी शामिल रहे हैं, जिनमें से 2 केस नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में ही दर्ज हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप या फाइल डाउनलोड न करें और बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

