Dailyhunt
बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रीपेड मीटर उखाड़ने की दी चेतावनी

बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रीपेड मीटर उखाड़ने की दी चेतावनी

Bhaskar Digital 2 weeks ago
  • सिकंदरपुर विद्युत उपखंड का मामला: समय पर बिजली न मिलने और भारी-भरकम बिल से ग्रामीण बेहाल
  • भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ने अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल, लगाया लापरवाही का आरोप

कन्नौज : सिकंदरपुर विद्युत उपखंड क्षेत्र में बिजली की बदहाल व्यवस्था और प्रीपेड मीटरों की मनमानी को लेकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ ‘हाय-हाय’ के नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विभाग बिना सूचना के जबरन प्रीपेड मीटर लगा रहा है, जिससे उनकी समस्याएं कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और जबरन मीटर लगाने का सिलसिला बंद नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

“नया मीटर उखाड़ ले जाइए, पुराना ही लगा दीजिए”
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर था। महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा, “यह जो नया टंडिला (प्रीपेड मीटर) लगाया गया है, इसे विभाग उखाड़ ले जाए। हमें यह नहीं चाहिए। हमारा पुराना मीटर ही वापस लगा दिया जाए।” ग्रामीणों का कहना है कि एक तो बिजली समय पर नहीं आती, और जब आती है तो प्रीपेड मीटर के चलते बिल उम्मीद से कहीं ज्यादा आता है।

अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
प्रदर्शन में पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सिंटू दुबे ने विभाग के आला अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी समय पर अपने कार्यालयों में नहीं मिलते, जिससे जनता की सुनवाई नहीं हो पा रही है। बिजली विभाग के पास बिजली कटौती और सुधार से संबंधित कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं रहती। उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर के कार्य करने के तरीके और इससे जुड़ी समस्याओं के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।

ठेकेदार की मनमानी से रोष
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने अपने निजी मुनाफे के लिए लोगों के घरों में बिना अनुमति और बिना किसी पूर्व सूचना के जबरन प्रीपेड मीटर लगा दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि इन प्रीपेड मीटरों को तुरंत पोस्टपेड में बदला जाए, ताकि वे अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार बिल का भुगतान कर सकें।

विभागीय टीम और अवर अभियंता दुरस्त कर रहे थे लाइन
विद्युत उपखंड कार्यालय पर ग्रामीणों के प्रदर्शन के बीच उपखंड अधिकारी संजय यादव ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि जिस समय भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सिंटू दुबे कार्यालय पहुंचे, उस समय विभागीय टीम और अवर अभियंता सिंहपुर गांव में लाइन की खराबी सुधारने हेतु मेंटेनेंस कार्य में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा प्राथमिकता है और समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु बाबू सुभाष चंद्र राजपूत हमेशा मौके पर तैनात रहते हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital