Dailyhunt
बुलंदशहर :  मुंह पर केक लगाने पर तीन लोगों की हत्या करने वाला आरोपी जीतू एनकाउंटर में ढेर

बुलंदशहर : मुंह पर केक लगाने पर तीन लोगों की हत्या करने वाला आरोपी जीतू एनकाउंटर में ढेर

Bhaskar Digital 6 days ago

Bulandshahar Encounter : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में 25 अप्रैल को हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले का मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये का इनामी जीतू सैनी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी और एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गए।

झाझर मार्ग पर हुई मुठभेड़

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, गुरुवार सुबह झाझर मार्ग स्थित सिकंदरपुर फ्लाइओवर के पास स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस संयुक्त रूप से गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे और कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गए।

पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

अस्पताल में मौत

घायल बदमाश की पहचान जीतू सैनी के रूप में हुई, जो खुर्जा के मोहल्ला पंजाबियान का निवासी था और तिहरे हत्याकांड में वांछित चल रहा था। उसे पहले स्थानीय जटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिसकर्मी भी घायल

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक के हाथ में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

25 अप्रैल को हुआ था तिहरा हत्याकांड

घटना सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में 25 अप्रैल की रात हुई थी, जहां अमरदीप सैनी, उनके तहेरे भाई मनीष सैनी और भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।

मृतक अमरदीप के पिता सरूप की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी जीतू सैनी समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान सोनू सैनी का नाम भी सामने आया।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

पुलिस इस मामले में पहले ही रूपेश, नरेश, मयंक, रिंकू और भारत समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें से मयंक, रिंकू और भारत पुलिस मुठभेड़ में घायल भी हो चुके हैं।

बरामद हुआ हथियार, जांच जारी

पुलिस ने मौके से एक पिस्टल बरामद की है। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है और फरार आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

इस एनकाउंटर के बाद पुलिस का दावा है कि तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी के मारे जाने से मामले में बड़ी सफलता मिली है, हालांकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।

‘बड़े घर की माताएं भी पी रहीं शराब..’, पंडित धीरेन्द्र शास्त्री बोले- ‘राम-राम… बजरंग बली बचाएं’, कांग्रेस ने घेरा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital