बीजिंग। दक्षिण-पश्चिम चीन के युन्नान प्रांत में रविवार तड़के एक अवैध खनन स्थल धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के हवाले से एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने बताया कि यह घटना हुइजे काउंटी के बाइवू गांव में सुबह करीब 4:30 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह एक अवैध माइनिंग ऑपरेशन था, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वहां किस प्रकार की खनन गतिविधि चल रही थी।
अचानक ढहने से फंसे लोग
हादसे के दौरान कुल 6 लोग खदान के अंदर फंस गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनमें से पांच लोगों को गंभीर चोटें आई थीं, जिनकी बाद में मौत हो गई।
वहीं, एक घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जांच शुरू, अवैध खनन पर सवाल
स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि यह हादसा अवैध खनन गतिविधियों के कारण हुआ, जिसमें सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की गई थी।
एक हफ्ते पहले भी बड़ा हादसा
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब एक सप्ताह पहले ही उत्तरी चीन के शानक्सी प्रांत में एक कोयला खदान में जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई थी। उस मामले में अधिकारियों ने खदान संचालक पर गंभीर नियम उल्लंघन के आरोप लगाए थे।
लगातार हो रहे खनन हादसों ने चीन में खनन सुरक्षा व्यवस्था और अवैध खनन पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

