Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
डिजिटल कांटे पर पानी की बोतल रख गरीबों का राशन मार रहे थे कोटेदार पति-पत्नी, सीतापुर DSO का बड़ा हंटर, दुकान सस्पेंड

डिजिटल कांटे पर पानी की बोतल रख गरीबों का राशन मार रहे थे कोटेदार पति-पत्नी, सीतापुर DSO का बड़ा हंटर, दुकान सस्पेंड

Bhaskar Digital 1 week ago
  • ई-कांटे पर पानी की बोतल और पत्थर रखकर तौलते थे राशन, कार्डधारकों से बदसलूकी की खुली पोल
  • जिला पूर्ति अधिकारी की बड़ी कार्रवाई, मिसबाहुद्दीन की दुकान से अटैच हुए उपभोक्ता

सीतापुर : लहरपुर कस्बे में सरकारी राशन की कालाबाजारी और कार्डधारकों के हक पर डाका डालने वाले भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा हंटर चलाया है।

मोहल्ला जमा टोला की उचित दर विक्रेता अफसाना बेगम की दुकान को जिला पूर्ति अधिकारी ने गंभीर अनियमितताओं, घटतौली और भ्रष्टाचार के आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कोटेदार और उसके पति अलीम की मनमानी से त्रस्त उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद हुई जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे सरकारी व्यवस्था को मुंह चिढ़ाने वाले हैं। जांच में सामने आया कि राशन तौलते समय ई-कांटे पर पानी की बोतल, ईंट और पत्थर रखकर उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 2 से 5 किलोग्राम तक कम राशन दिया जा रहा था और विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की जाती थी।

केवाईसी और यूनिट बढ़ाने के नाम पर अवैध वसूली

क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, कोटेदार के पति अलीम ने दुकान संचालन के नाम पर उपभोक्ताओं को जमकर लूटा। राशनकार्ड में नया नाम जुड़वाने और यूनिट बढ़ाने के लिए सीधे-सादे लोगों से 900 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक की अवैध वसूली की गई। हद तो तब हो गई जब ई-केवाईसी करने के नाम पर भी उपभोक्ताओं से 300-300 रुपये ऐंठ लिए गए और काम भी नहीं किया गया। इतना ही नहीं, कोटेदार ने फर्जीवाड़ा करते हुए मृत लोगों के नाम पर और दूसरे मोहल्ले के अनजान लोगों के नाम दूसरे कार्डधारकों के राशनकार्ड में जोड़ दिए, जिसके एवज में मोटी रकम ली गई और उनके हक का राशन कोटेदार खुद डकारता रहा। जब उपभोक्ताओं ने इस अंधेरगर्दी का विरोध किया, तो कोटेदार ने "जो करना है कर लो" कहकर उन्हें दुकान से भगा दिया।

ऑडियो रिकॉर्डिंग ने खोली पोल, मिसबाहुद्दीन संभालेंगे कमान

मुख्य शिकायतकर्ता विनीत जायसवाल ने कोटेदार के पति अलीम की काली करतूतों और कम राशन देने की बात स्वीकार करने वाली कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रशासन को सौंपी, जिसने इस पूरे भ्रष्टाचार की प्रामाणिकता पर मुहर लगा दी। जिला पूर्ति अधिकारी ने इन सभी गंभीर आरोपों को अनुबंध पत्र की शर्तों और उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु आदेश-2016 का खुला उल्लंघन माना है। अफसाना बेगम को 15 दिनों के भीतर साक्ष्यों सहित अपना लिखित स्पष्टीकरण देने का कड़ा निर्देश दिया गया है। इस बीच, लहरपुर के कार्डधारकों को राशन वितरण में कोई समस्या न हो, इसके लिए इस दुकान के सभी उपभोक्ताओं को अस्थायी रूप से दूसरे कोटेदार मिसबाहुद्दीन की दुकान से संबद्ध कर दिया गया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital