नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पालम विधानसभा क्षेत्र के द्वारका सेक्टर-7 स्थित एयर फोर्स एंड नेवल ऑफिसर्स एन्क्लेव में 500 किलोवाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन किया।
यह दिल्ली की सबसे बड़ी आवासीय सोलर परियोजनाओं में से एक है, जिससे करीब 375 परिवारों को स्वच्छ और सस्ती बिजली मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सौर ऊर्जा क्रांति को नई गति मिली है और दिल्ली सरकार भी इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल कम करें और पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें।
इस मौके पर दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, पालम के विधायक कुलदीप सोलंकी, पूर्व विधायक धरम देव सोलंकी, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को 90 लाख रुपये की केंद्रीय और 10 लाख रुपये की दिल्ली सरकार की सब्सिडी मिली है। सोलर प्लांट शुरू होने के बाद एन्क्लेव का मासिक बिजली खर्च लगभग 12 लाख रुपये से घटकर 6 लाख रुपये रह जाएगा। यानी हर साल करीब 72 लाख रुपये की बचत होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ बिजली बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का शानदार उदाहरण है। उन्होंने एयर फोर्स और नेवल ऑफिसर्स एन्क्लेव के निवासियों की सराहना करते हुए कहा कि देश की सेवा करने वाले इन अधिकारियों ने अब स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी को स्वच्छ, हरित और ऊर्जा-कुशल शहर बनाना है। यही वजह है कि सरकार सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को लगातार बढ़ावा दे रही है। उनका विश्वास है कि यह परियोजना अन्य हाउसिंग सोसायटी, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगी और दिल्ली में हरित ऊर्जा अभियान को नई रफ्तार देगी।

