- लखनऊ में खुला मामला, दो नामजद पर आरोप
लखीमपुर खीरी : सदर कोतवाली क्षेत्र के सुआगाडा गांव में एक युवक की मौत ने दोस्ती, भरोसे और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक घर से दोस्तों के साथ निकला, घायल हुआ, अस्पताल पहुंचा लेकिन उसके साथियों ने परिजनों से सच्चाई छिपाई।
जब तक असल वजह सामने आई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
गांव निवासी अनिल कुमार झा के मुताबिक उनका पुत्र अंश कुमार झा 30 मार्च की शाम करीब 8 बजे दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात जब पिता ने फोन किया तो अंश ने बताया कि वह अपने एक दोस्त की मां के इलाज के लिए लखनऊ गया है। अगले दिन सुबह उसने घर लौटने की बात कही, जिससे परिजन निश्चिंत हो गए।
लेकिन 31 मार्च की दोपहर करीब 2:30 बजे अंश का फोन आया कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है और वह गोला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, तो वहां अंश के साथ उसके दोस्त शुभम कुमार, नितिन सिंह उर्फ मिक्कू और अन्य साथी मौजूद थे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और दोस्तों ने उन्हें बताया कि अंश पटाखे से जल गया है और उसी का इलाज चल रहा है। परिजन इसी बात पर भरोसा कर इलाज करवाते रहे, लेकिन किसी ने भी उन्हें असल स्थिति से अवगत नहीं कराया।
रात होते-होते अंश की हालत बिगड़ने लगी। करीब 1 बजे डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन तत्काल उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के दौरान जो सच्चाई सामने आई, उसने पूरे मामले को पलट दिया अंश को गोली लगी थी, न कि वह पटाखे से जला था।
गोली लगने की बात सामने आने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। इलाज शुरू हुआ, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण 2 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे अंश कुमार झा ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का साफ आरोप है कि अगर शुरुआत में ही सही जानकारी दी जाती, तो वे समय रहते बेहतर और सही इलाज करवा सकते थे। उनका कहना है कि दोस्तों की लापरवाही और सच्चाई छिपाने के कारण ही यह घटना मौत में बदल गई।
मामले में परिजनों ने शुभम कुमार पुत्र रामेश्वर और नितिन सिंह उर्फ मिक्कू पुत्र विष्णु सिंह को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले से संबंधित जानकारी के लिए एसपी खीरी ख्याति गर्ग के सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया। उनकी ओर से पीआरओ ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

