भोपाल। राजधानी के All India Institute of Medical Sciences Bhopal में रेडियोथैरेपी के लिए इस्तेमाल होने वाली एकमात्र लिनेक मशीन तकनीकी खराबी के कारण पिछले दो दिनों से बंद पड़ी है। मशीन के वैक्यूम सिस्टम में फॉल्ट आने से रोजाना करीब 70 कैंसर मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है।
मरीजों को फिलहाल नई तारीख देकर वापस भेजा जा रहा है।
स्थिति इसलिए भी गंभीर बनी हुई है क्योंकि Hamidia Hospital में रेडियोथैरेपी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जबकि Bhopal Memorial Hospital and Research Centre से भी कैंसर मरीज इलाज के लिए एम्स भोपाल रेफर किए जा रहे हैं। ऐसे में भोपाल समेत आसपास के कई जिलों का कैंसर उपचार का पूरा भार एम्स पर आ गया है।
जानकारी के अनुसार एम्स भोपाल में हर साल 36 हजार से अधिक कैंसर मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मशीन बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। कई मरीजों का नियमित रेडियोथैरेपी सेशन रुक गया है, जिससे उपचार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
एम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विकास गुप्ता ने बताया कि मशीन को सुधारने के लिए तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शुक्रवार तक मशीन दोबारा शुरू हो सकती है।

