Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Farrukhabad : विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर दो प्रधान पक्षों में खूनी संघर्ष

Farrukhabad : विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर दो प्रधान पक्षों में खूनी संघर्ष

Bhaskar Digital 1 week ago
  • लाठी-डंडे, रॉड और फायरिंग में प्रधान पति व बेटा घायल, कई थानों की फोर्स तैनात

Farrukhabad : मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया।

विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर दो ग्राम प्रधान पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की रॉड चलीं और कई राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से निसाई ग्राम प्रधान गीता चौहान के पति सत्येंद्र सिंह और उनका बेटा घायल हो गए। दोनों को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय (के.एम. द्विवेदी अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम मुड़गांव ग्राम प्रधान रामनारायण गाटा संख्या 818 पर जुताई करा रहे थे। इसी दौरान निसाई ग्राम पंचायत के प्रधान पति सत्येंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जमीन को सरकारी तथा निसाई ग्राम पंचायत की बताते हुए कार्य रुकवाने का प्रयास किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसके बाद निसाई प्रधान पक्ष ने मोहम्मदाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन-तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, लेकिन भूमि विवाद खत्म नहीं हुआ। सोमवार सुबह करीब 11 बजे मुड़गांव प्रधान दोबारा विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे तो दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया और दोनों ओर से मारपीट के साथ फायरिंग शुरू हो गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मोहम्मदाबाद थाना पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक, फोरेंसिक टीम तथा नवाबगंज और शमशाबाद थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि रविवार को दी गई शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई कर दोनों पक्षों के खिलाफ कड़े प्रतिबंधात्मक कदम उठाए जाते, तो सोमवार की हिंसक घटना टाली जा सकती थी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई की रात निसाई प्रधान पति सत्येंद्र सिंह, उनके पुत्र अमन व अभय तथा दूसरे पक्ष से मुड़गांव प्रधान रामनारायण और उनके पुत्र हितेश व मनीष के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital