Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Firozabad : 35 साल पुराने जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे, बारिश में जलभराव से बढ़ा हादसे का खतरा

Firozabad : 35 साल पुराने जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे, बारिश में जलभराव से बढ़ा हादसे का खतरा

Bhaskar Digital 2 weeks ago

Tundla, Firozabad : विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बनकट स्थित प्राथमिक विद्यालय की जर्जर भवन और बदहाल व्यवस्था बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। करीब 35 वर्ष पुरानी इस स्कूल भवन की हालत बेहद खराब हो चुकी है।

बरसात के मौसम में स्कूल परिसर और कक्षाओं में पानी भर जाता है, जिससे शिक्षकों और विद्यार्थियों को पिछले तीन वर्षों से लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद शिक्षा विभाग और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय की इमारत गांव के मुख्य मार्ग से लगभग दो फीट नीचे स्थित है। यही कारण है कि बारिश होने पर सड़क का पानी सीधे स्कूल परिसर और कक्षाओं में भर जाता है। इसके अलावा विद्यालय परिसर में बने अतिरिक्त कक्षों की छतों से सरिया बाहर दिखाई देने लगी है, जिससे भवन कभी भी हादसे का शिकार हो सकता है। इसके बावजूद मजबूरी में बच्चों की पढ़ाई इन्हीं कमरों में कराई जा रही है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

ग्राम प्रतिनिधि विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी विद्यालयों को बेहतर बनाने के प्रयासों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राथमिक विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन बढ़ाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जब स्कूलों की हालत इतनी जर्जर होगी तो अभिभावक अपने बच्चों को वहां पढ़ाने के लिए कैसे तैयार होंगे।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत अपनी ग्राम निधि से विद्यालय का कायाकल्प कराना चाहती है, लेकिन भवन की जर्जर स्थिति के कारण विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत या नए भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital