Firozabad : शहर में आयोजित हुई होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा का जायजा लेने जिलाधिकारी रमेश रंजन और एसएसपी आदित्य लांग्हे खुद केंद्रों पर पहुंचे।
अधिकारियों ने साफ कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने दाऊ दयाल कॉलेज और एम.जी. महिला कॉलेज जाकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने कंट्रोल रूम में जाकर सीसीटीवी कैमरों को चेक किया और निर्देश दिए कि हर एक परीक्षार्थी पर नजर रखी जाए।
डीएम ने केंद्र के मेन गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी और आईडी कार्ड चेक करने की व्यवस्था देखी। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि चेकिंग में ढील न दें और कोई भी पाबंदी वाली चीज, जैसे मोबाइल आदि अंदर न जाने दें।
अफसरों ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने की जगह और पीने के साफ पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी देखा। डीएम ने केंद्र प्रभारियों से कहा कि शासन के नियमों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन और पारदर्शी होनी चाहिए।
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा में लगी पुलिस टीम को अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए ताकि परीक्षा देने आए युवाओं को आने जाने में कोई परेशानी न हो।

