लखनऊ। रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गरीबरथ एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री पर अचानक एसी डक्ट गिर गया। गनीमत रही कि यात्री बाल-बाल बच गया और कोई बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर से लखनऊ आ रही इस ट्रेन की जी-15 बोगी में सीट नंबर 28 पर यात्रा कर रहे अनिवेश चतुर्वेदी के साथ यह घटना हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर शिकायत करते हुए बताया कि जैसे ही वह लोअर बर्थ पर बैठने जा रहे थे, उसी समय ऊपर लगा एसी डक्ट अचानक टूटकर गिर गया। यदि वह उस समय लेटे होते तो गंभीर चोट लग सकती थी।
घटना के बाद यात्री ने तुरंत रेलवे के मेंटीनेंस स्टाफ को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने एसी डक्ट को ठीक किया। हालांकि, इस घटना ने ट्रेन के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर, पुष्पक एक्सप्रेस में भी यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेन की थर्ड एसी बोगी बी-2 में कूलिंग सिस्टम फेल होने की शिकायत सामने आई। यात्रियों ने 'रेल सहायता' पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उन्हें समय पर कोई राहत नहीं मिल सकी।
इसके अलावा लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल के सेकंड एसी कोच ए-1 में शौचालय में पानी न होने की समस्या सामने आई, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई।
वहीं, कैफियत एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों में अनधिकृत यात्रियों के प्रवेश की शिकायतें भी दर्ज की गईं, जिससे आरक्षित यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों के रखरखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

