Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
गर्लफ्रेंड विवाद को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे अभिषेक शर्मा, AI फोटोज को लेकर दर्ज कराई शिकायत

गर्लफ्रेंड विवाद को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे अभिषेक शर्मा, AI फोटोज को लेकर दर्ज कराई शिकायत

Bhaskar Digital 4 days ago

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए फर्जी कंटेंट के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अभिषेक ने कोर्ट से मांग की है कि एआई के जरिए बनाए गए आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और अन्य सामग्री को हटाने के निर्देश दिए जाएं।

इसके साथ ही उन्होंने अपने पर्सनैलिटी राइट्स यानी अपनी पहचान, नाम और छवि के गलत इस्तेमाल से सुरक्षा की मांग की है।

अभिषेक शर्मा की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने फिलहाल सुनवाई टाल दी है। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि याचिका में कथित रूप से नियमों का उल्लंघन करने वाले यूआरएल के स्क्रीनशॉट शामिल नहीं किए गए थे। इसके बाद न्यायमूर्ति ज्योति सिंह ने सुनवाई आगे बढ़ाने से पहले याचिका में जरूरी दस्तावेज जोड़ने का निर्देश दिया।

कोर्ट ने अभिषेक शर्मा के वकील को आदेश दिया कि विवादित कंटेंट से जुड़े सभी स्क्रीनशॉट और संबंधित जानकारी के साथ अलग से हलफनामा दाखिल किया जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई को होगी।

अभिषेक शर्मा से जुड़े कुछ एआई जनरेटेड वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुई थीं। इनमें से एक वीडियो में उनकी मैनेजर को उनकी गर्लफ्रेंड के तौर पर पेश किया गया था। इसके अलावा कुछ अन्य फोटो और वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें अभिषेक के बारे में गलत और भ्रामक जानकारी दिखाई गई थी।

अभिषेक के वकील ने कोर्ट में स्पष्ट किया कि वायरल किया गया कंटेंट वास्तविक नहीं था, बल्कि एआई तकनीक की मदद से तैयार किया गया था। उन्होंने कहा कि इस तरह के फर्जी कंटेंट से खिलाड़ी की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।

सुनवाई के दौरान सोशल मीडिया कंपनी मेटा की ओर से पेश हुए वकील वरुण पाठक ने बताया कि अभिषेक की ओर से दिए गए आठ यूआरएल में से दो लिंक अब एक्सेस नहीं हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कंटेंट पैपराजी अकाउंट्स द्वारा अपलोड किए गए थे।

मेटा की ओर से कोर्ट को मामले से जुड़ी जानकारी दी गई, जबकि अभिषेक पक्ष ने दोहराया कि विवादित सामग्री एआई से बनाई गई थी और इसे हटाना जरूरी है।

अभिषेक शर्मा फिलहाल भारतीय क्रिकेट टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं, जहां पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। उन्होंने सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार अर्धशतक लगाया था, हालांकि भारतीय टीम उस मैच में जीत हासिल नहीं कर सकी।

अब टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 मुकाबला मंगलवार को नॉटिंघम में खेला जाना है। इस बीच एआई से बने फर्जी कंटेंट को लेकर उठाया गया अभिषेक का कदम खिलाड़ियों के डिजिटल अधिकारों और ऑनलाइन पहचान की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital