Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
इंस्टाग्राम रील ने खोला 10 लाख की चोरी का राज: मालकिन के साथ पुलिस स्टेशन जाने का नाटक करने वाली नौकरानी गिरफ्तार, ऐसे खुली पोल

इंस्टाग्राम रील ने खोला 10 लाख की चोरी का राज: मालकिन के साथ पुलिस स्टेशन जाने का नाटक करने वाली नौकरानी गिरफ्तार, ऐसे खुली पोल

Bhaskar Digital 3 months ago

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से चोरी का एक ऐसा अनोखा और दिलचस्प मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। दून आईटी पार्क इलाके में रहने वाली एक महिला के घर से करीब एक साल पहले लाखों रुपये के हीरे और सोने के जेवरात गायब हो गए थे।

शातिर नौकरानी ने चोरी करने के बाद मालकिन का भरोसा जीतने के लिए ऐसा ड्रामा रचा कि किसी को उस पर शक ही नहीं हुआ। लेकिन कहते हैं न कि चोर चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कोई न कोई गलती कर ही बैठता है। इस मामले में भी नौकरानी का सोशल मीडिया का शौक और रील (Instagram Reel) बनाने का भूत उसकी गिरफ्तारी की वजह बन गया। मालकिन ने जब नौकरानी की रील और व्हाट्सऐप स्टेटस देखा, तो उनके होश उड़ गए नौकरानी उन्हीं के चोरी हुए कीमती गहने पहनकर ठुमके लगा रही थी।

एक साल पहले हुई थी वारदात, शक होने पर नौकरानी ने खेला ‘इमोशनल कार्ड’

पुलिस को दी गई शिकायत में सिक्का किमाया ग्रीन, दून आईटी पार्क की रहने वाली नितिशा वत्स ने बताया कि करीब एक साल पहले जब वह जाखन के दून रिपब्लिक अपार्टमेंट में रहती थीं, तब उनके घर से दो हीरा जड़ित अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक कीमती हीरा जड़ित पेंडेंट अचानक गायब हो गए थे। नितिशा को शुरुआत में अपनी घरेलू सहायिका (नौकरानी) विमला देवी पर शक हुआ था। जब उन्होंने विमला से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने बड़े ही मासूम चेहरे के साथ चोरी की बात से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने उल्टा मालकिन को ही पुलिस में शिकायत करने की सलाह दे डाली और खुद नितिशा के साथ पुलिस चौकी तक गई ताकि किसी को उस पर रत्ती भर भी शक न हो। विमला के इस झांसे में आकर मालकिन को लगा कि वह बेकसूर है।

व्हाट्सऐप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील ने खोल दी पोल

नौकरानी के इस शातिर व्यवहार के चलते नितिशा का विश्वास उस पर पक्का हो गया और वह अपने ही घर के कोने-कोने में गहने तलाशती रहीं। समय बीतता गया और मामला शांत हो गया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट 29 जून की सुबह आया। नितिशा ने जैसे ही विमला देवी का व्हाट्सऐप स्टेटस और उसकी इंस्टाग्राम रील देखी, वह दंग रह गईं। विमला रील में जिन गहनों को पहनकर वीडियो बना रही थी, वे हूबहू नितिशा के वही जेवरात थे जो साल भर पहले चोरी हुए थे। चोरी का पक्का सबूत मिलते ही नितिशा तुरंत जाखन पुलिस चौकी पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। राजपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज कर चोर नौकरानी की तलाश शुरू कर दी।

एसएसपी के निर्देश पर बनी टीम, ₹10 लाख के जेवरात के साथ आरोपी गिरफ्तार

मामले के सोशल मीडिया से जुड़ने और हाईप्रोफाइल होने के कारण देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और शुक्रवार को पुलिस ने जोहड़ी रोड के पास से आरोपी महिला विमला देवी को घेराबंदी करके दबोच लिया। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया एक शानदार हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। बरामद किए गए इन सभी शाही आभूषणों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

लॉकर देखकर आया था लालच, महंगे होने के कारण बेच नहीं पाई गहने

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी विमला देवी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां की। उसने बताया कि वह नितिशा के घर में झाड़ू-पोछा और सफाई का काम करती थी। इस दौरान उसने कई बार घर के लॉकर में रखे हुए महंगे और चमकदार आभूषण देखे थे, जिससे उसके मन में लालच आ गया। मौका मिलते ही उसने बड़ी चालाकी से लॉकर साफ कर दिया और मालकिन को झांसे में रखा। विमला ने यह भी कुबूला कि उसने इन जेवरातों को बाजार में बेचने की कई बार कोशिश की, लेकिन हीरे के बेहद कीमती और विशिष्ट आभूषण होने के कारण कोई भी सुनार उन्हें खरीदने को तैयार नहीं हुआ। विमला देवी (मूल निवासी लखीमपुर खीरी, यूपी; हाल निवासी बापू नगर, जाखन) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। वहीं, इस अनोखे मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने का एलान किया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital