Dailyhunt
जबलपुर :  बरगी डैम क्रूज हादसे में 4 लापता लोगों की तलाश जारी, सेना की ली जा रही मदद

जबलपुर : बरगी डैम क्रूज हादसे में 4 लापता लोगों की तलाश जारी, सेना की ली जा रही मदद

Bhaskar Digital 2 weeks ago

बलपुर, भोपाल। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में क्रूज हादसे के बाद लापता चार लोगों की तलाश शनिवार को भी जारी है। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के साथ सेना जवान भी सर्चिंग में जुटे हैं, लेकिन दोपहर तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।

तेज हवा और डैम में उठ रही लहरों के कारण रेस्क्यू में समस्या आ रही है। मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं।

हादसे को हुए 40 घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है, लेकिन अब भी 3 बच्चों समेत चार लापता लोगों का पता नहीं चल पाया है। बरगी सिटी सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे से सर्चिंग अभियान शुरू किया गया है। चारों लापता लोगों की तलाश में एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के साथ सेना की भी मदद ली जा रही है। छोटी वोट होने के कारण तेज हवा में रेस्क्यू अभियान संभलकर चलाना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम करीब 5 बजे पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया था। हादसे के वक्त क्रूज में 45 से अधिक पर्यटक मौजूद थे। शुक्रवार शाम तक चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नौ लोगों के शव बरामद कर लिये थे, जबकि 28 लोगों को बचा लिया गया था। तीन बच्चों सहित चार लोग लापता हैं, जिनका खबर लिखे जाने तक पता नहीं चल सका है। शुक्रवार शाम को रेस्क्यू के दौरान तेज बारिश भी होने लगी, जिसके चलते सर्चिंग रोक दी गई थी। शनिवार सुबह ही सर्चिंग शुरू कर दी गई थी। फिलहाल चारों लापता लोगों की तलाश जारी है।

बरगी डैम हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें नीतू सोनी (43), निवासी कोतवाली, जबलपुर, सौभाग्यम अलागन (42), निवासी अन्नानगर, वेस्ट तारापुरम, तमिलनाडु, मधुर मैसी (62), निवासी खाजन बस्ती, नई दिल्ली, काकुलाझी (38) पत्नी कामराज, निवासी वेस्ट लैंड खमरिया, जबलपुर, रेशमा सैयद (66), निवासी सिविल लाइन, भसीन आर्केड, जैक्सन होटल के पास, शमीम नकवी (68), निवासी डेरखी, भोपाल, मरीना मैसी (39) पत्नी प्रदीप मैसी निवासी दिल्ली, त्रिशान (4 वर्ष) पुत्र प्रदीप मैसी निवासी दिल्ली और ज्योति सेन, निवासी फूटाताल, घमापुर के आगे जबलपुर शामिल हैं। वहीं, तीन बच्चे समेत 4 लोग अब भी लापता हैं। इनमें श्रीतमिल (5 वर्ष) पुत्र कामराज, कामराज पुत्र श्रीरामालिंगम, विराज सोनी (6 वर्ष) पुत्र कृष्णा सोनी और मयूरम (9 वर्ष) पुत्र परिमल शामिल हैं।

इधर, हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण और पीड़ितों से मुलाकात के बाद देर शाम लापरवाही करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की। क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेन्द्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। होटल मैकल रिसार्ट और मैनेजर बोट क्लब बरगी सुनील मरावी को लापरवाही के लिये निलंबित कर दिया गया है। साथ ही रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्र को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित कर दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना के हर पहलू की गहनता से जांच के लिये उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति में महानिदेशक होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा, सचिव मध्य प्रदेश शासन, आयुक्त जबलपुर संभाग शामिल किए गए हैं। यह समिति तीन बिंदुओं पर दुर्घटना की बारीकी से जांच करेगी, जिसमें दुर्घटना के कारण, क्रूज संचालन के नियम सहित अन्य जरूरी जानकारियां भी जुटाई जाएंगी। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी, जिससे कि भविष्य में इस तरह की दु:खद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

‘तू पाक हो गई’, धर्म छिपाकर सोहेल खान ने हिंदू युवती से किया दुष्कर्म, वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर बार-बार शोषण किया

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital