Dailyhunt
खैरहा पुलिस का बड़ा खुलासा:  बड़े भाई का हत्यारा छोटा भाई गिरफ्तार, 8 दिनों तक जंगल में छिपकर पुलिस को छकाया

खैरहा पुलिस का बड़ा खुलासा: बड़े भाई का हत्यारा छोटा भाई गिरफ्तार, 8 दिनों तक जंगल में छिपकर पुलिस को छकाया

Bhaskar Digital 1 week ago

हडोल : खैरहा थाना क्षेत्र के ग्राम सारंगपुर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली विवाद में बड़े भाई की लोहे की सब्बल से हत्या कर फरार हुआ आरोपी लगभग 8 दिनों तक जंगल में छिपा रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसे सूझबूझ और रणनीति के जरिए पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को ग्राम सारंगपुर निवासी जगमोहन कोल ने अपने सगे बड़े भाई पन्नेलाल कोल पर लोहे की सब्बल से हमला कर दिया था। इस हमले में पन्नेलाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की खोज में जुटी रही। आरोपी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर रहा था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना बेहद मुश्किल हो गया था। वह जंगल में लगातार ठिकाना बदलते हुए पुलिस की गतिविधियों से बचने की कोशिश करता रहा।

घटना के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिससे महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि आरोपी आसपास के घरों से खाना मंगाकर अपना गुजारा कर रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने नई रणनीति अपनाई और सिविल ड्रेस में जंगल के आसपास निगरानी शुरू कर दी।

एक रात जब आरोपी खाना लेने एक घर पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना के दिन दोनों भाइयों के बीच हुए विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने बड़े भाई की हत्या कर दी थी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital