- पहले 8-10 राउंड फायरिंग का दावा, बाद में बोले- हालात को लेकर था भ्रम
- पुलिस का दावा, जांच में अब तक गोलीबारी के सबूत नहीं; दो कोचिंग संस्थानों के विवाद का मामला
पटना। राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक Khan Sir की कोचिंग के बाहर कथित फायरिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है।
शुरुआत में जिस घटना को गोलीबारी बताया गया था, उसी पर अब सवाल उठने लगे हैं। खान सर के बयान में बदलाव और पुलिस की जांच रिपोर्ट ने पूरे मामले को और उलझा दिया है।
मंगलवार देर रात हुई घटना के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उनकी कोचिंग के बाहर हमला हुआ और उन्होंने 8 से 10 राउंड फायरिंग होते देखी। उन्होंने बताया था कि उस समय ऑनलाइन क्लास चल रही थी और अचानक बाहर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गया था, जिसके सिर में चोट आई थी।
हालांकि बाद में मामले ने नया मोड़ ले लिया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खान सर ने अपने पहले बयान पर सफाई देते हुए कहा कि घटना के समय माहौल बेहद तनावपूर्ण था और स्थिति को ठीक से समझ पाना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जानकारी मौके पर मिली थी, उसी आधार पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी थी। बाद में जांच आगे बढ़ने पर उन्हें घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिली।
पास के कोचिंग संस्थान पर लगाए आरोप
खान सर ने आरोप लगाया कि पास के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों द्वारा उनके सेंटर को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के कारण कुछ लोग उनके संस्थान से नाराज हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके सुरक्षा गार्ड ने कुछ हमलावरों की पहचान की है और इस संबंध में नामजद शिकायत भी दी गई है।
पुलिस ने फायरिंग से किया इनकार
वहीं पटना पुलिस की जांच में अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला दो कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और मारपीट का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, दर्ज एफआईआर में भी गोली चलने का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है। घटनास्थल से अब तक ऐसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिनसे गोलीबारी की पुष्टि हो सके। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पूरे मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों की पहचान हुई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विवाद में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है।
जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर
फिलहाल पूरे मामले में फायरिंग हुई या नहीं, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जहां एक ओर खान सर ने शुरुआती बयान पर सफाई दी है, वहीं पुलिस गोलीबारी की पुष्टि से इनकार कर रही है। ऐसे में अब सभी की नजर पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के अंतिम निष्कर्ष पर टिकी हुई है।
घटना ने पटना के कोचिंग हब में प्रतिस्पर्धा और तनाव को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।

