- रात से लापता था युवक, सुबह भूलभुलैया मंदिर के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
Lakhimpur Kheri : कस्बा सिंगाही के पूर्वी हिस्से में स्थित भूलभुलैया मंदिर के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से फंदे पर लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह भूलभुलैया मंदिर के निकट मोनू त्रिवेदी के खेत की मेड़ पर लगे शीशम के पेड़ से एक व्यक्ति के फंदे पर लटकने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और उसकी पहचान कस्बा सिंगाही के वार्ड नंबर एक, मोहल्ला पश्चिम चमरौधा निवासी 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ छोटू पुत्र स्वर्गीय परमेश्वर गौतम के रूप में की।
मृतक के बड़े भाई रामस्वरूप ने बताया कि राजकुमार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था। परिजनों को लगा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में गया है, इसलिए देर तक उसकी चिंता नहीं हुई। लेकिन देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां राजकुमार का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला।
परिजनों ने बताया कि राजकुमार का विवाह लगभग सात वर्ष पूर्व खैरीगढ़ निवासी मंजीता देवी के साथ हुआ था। दंपति की कोई संतान नहीं थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

