Dailyhunt
Lucknow : अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, अपराध और भ्रष्टाचार पर सरकार का जीरो टॉलरेंस सिर्फ दावा

Lucknow : अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, अपराध और भ्रष्टाचार पर सरकार का जीरो टॉलरेंस सिर्फ दावा

Bhaskar Digital 3 months ago

Lucknow : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता अपराधियों और भ्रष्टाचारियों से मिले हुए हैं, इसलिए इस सरकार के रहते न तो अपराध रुक सकता है और न ही भ्रष्टाचार खत्म हो सकता है।

अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी, डकैती और बलात्कार जैसी घटनाएं रोजमर्रा की बात बन चुकी हैं। हर विभाग और हर योजना में लूट मची हुई है। सरकार का कानून-व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस का दावा पूरी तरह से खोखला साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सीतापुर में एक सेवानिवृत्त लेखपाल के घर पूरे परिवार को बंधक बनाकर 17 लाख रुपये की डकैती हुई, वहीं अम्बेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधी आश्रम में दिनदहाड़े एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। ऐसे मामले यह साबित करते हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बड़े-बड़े घोटाले सामने आए हैं। जल जीवन मिशन में भारी भ्रष्टाचार हुआ, कई जिलों में पानी की टंकियां टूटकर ध्वस्त हो गईं। चित्रकूट के कोषागार में 43 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला सामने आया, जबकि गोंडा में यूपी कोऑपरेटिव बैंक में 21 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय अनियमितता उजागर हुई। कोडीन कफ सिरप का मामला तो देशव्यापी बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से चौतरफा भ्रष्टाचार, घोटाले और सरकारी बजट की खुली लूट हो रही है।

पहलवानों से मुलाकात, खेलों को बढ़ावा देने का दिया भरोसा

इसी बीच सोमवार को अखिलेश यादव से मुजफ्फरनगर और शामली के दो युवा पहलवानों मोंटी मलिक और नवीन बालियान ने मुलाकात की। पहलवानों ने बताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन दिया गया था तथा उन्हें खेल पुरस्कार और यश भारती सम्मान से नवाजा गया था। इस अवसर पर सांसद हरेंद्र मलिक और सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा खिलाड़ियों, युवाओं और किसानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी खेल प्रतिभाओं को पूरा सम्मान और सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और युवाओं को बेहतर अवसर देने की रहेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital