Lucknow : लखनऊ के नगर पंचायत बंथरा के शिवपुरा इलाके में मंगलवार को डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर हिंसक संघर्ष और गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में दो युवक घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरा अंबेडकर नगर निवासी करन गौतम पुत्र मनोज ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहे थे, उसी समय कुछ असामाजिक तत्वों ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद अचानक ही फायरिंग की आवाजें सुनाई देने लगीं।
घटना में घायल करन गौतम का कहना है कि गोली चलाने वाले रंजीत रावत और विकास पासी, वर्तमान में चेयरमैन के प्रतिनिधि के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गोली चलाकर उन्हें और दूसरे युवक को घायल किया है।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली चेयरमैन प्रतिनिधि द्वारा चलाई गई थी। घटनास्थल से गोली के छरें भी बरामद हुए हैं, जिससे गोलीबारी की पुष्टि होती है।
सूचना मिलते ही बंथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि घायल दोनों युवकों को चोटें पथराव में आई हैं। अभी तक किसी के गिरफ्त में आने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी हुई है।
यह घटना उस समय हुई जब अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम चल रहा था, जो कि अक्सर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का हिस्सा होता है। लेकिन इस बार विवाद और हिंसा ने माहौल तनावपूर्ण कर दिया।
अधिकारियों का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

