नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की एएटीएस की टीम ने एक कुख्यात (कच्छा) बनियान गैंग के सदस्यों के साथ मुठभेड़ कर करीबन 6 बदमाशों को धर दबोचा है। बता दें कि अंबेडकर नगर इलाके में देर रात को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर एएटीएस की टीम ने घेराबंदी की थी, जहां खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी।
इसी बीच करीब 6 राउंड गोलीबारी के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की थी, इसमें 3 बदमाशों को गोली लगने के बाद उन्हें दबोच लिया गया। बता दें कि बदमाशों के साथ मुठभेड़ को दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रहा है।
एएटीएस टीम को इनपुट मिला था कि कुख्यात पर्डी गैंग के सदस्य इलाके में मौजूद हैं, जिसके बाद सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की थी। इसी बीच बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को पकड़ लिया गया। घायल बदमाशों की पहचान निर्मल पर्डी (उर्फ) निखिल (34), अंबर उर्फ डेविन (25) और सम्राट उर्फ समर उर्फ काला (30) के रूप में हुई है। तीनों घायल बदमाशों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. दिल्ली पुलिस ने मौके से 3 अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान काकेश (उर्फ) काके (24), कृष देव (18) और एक नाबालिग शिवजीत उर्फ जीत (17) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और लंबे समय से दिल्ली में सक्रिय थे। क्राइम टीम ने घटनास्थल से 7 खाली खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया गया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाले जा रही हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस गैंग के पिछले अपराधों और दिल्ली में इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

