- नेपाल सीमा की ओर जाने की फिराक में था युवक, वीजा अवधि समाप्त होने पर बढ़ी जांच
महराजगंज। आनंदनगर कस्बे के छतरी चौराहे पर शनिवार को पुलिस ने एक अमेरिकी नागरिक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा।
युवक नेपाल सीमा की ओर जाने की कोशिश में था। उसकी गतिविधियों पर शक होने पर स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम ट्रेविस फेलेन बताया है। उसकी उम्र लगभग 34 वर्ष है और वह अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य का निवासी है।मामले की जानकारी मिलते ही आईबी, एसआईओ और एलआईयू की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एजेंसियों ने युवक से अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ शुरू कर दी। उसके पास मौजूद दस्तावेजों, मोबाइल फोन, यात्रा संबंधी रिकॉर्ड और भारत में ठहरने के स्थानों की जांच की जा रही है।
पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह 180 दिनों के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा फरवरी माह में ही समाप्त हो चुका है। वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रहने के कारण उसकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक नेपाल क्यों जाना चाहता था और वहां उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भारत में रहते हुए वह किन लोगों के संपर्क में रहा है।फिलहाल युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से देख रही हैं और हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि पकड़े गये विदेशी व्यक्ति के विरुद्ध स्थानीय थाना पर धारा 23 आव्रजन व विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।अन्य एजेंसियों द्वारा भी पूछताछ की जा रही है।

