- असेंबली हॉल में एक्जॉस्ट फैन, सोलर रूफटॉप और सुरक्षित बाउंड्रीवाल के दिए निर्देश
- दिव्यांग बच्चों को प्रवेश में प्राथमिकता, किचन गार्डन व वृक्षारोपण पर भी बल
Maharajganj : जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षणिक, आवासीय और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा-कक्ष,सभागार,शिक्षक एवं कर्मचारी आवास सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और कार्यदायी संस्था को अवशेष कार्यों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपीसीडको को असेंबली हॉल में एक्जॉस्ट फैन लगाने, विद्यालय की बाउंड्रीवाल को अधिक सुरक्षित बनाने तथा सोलर रूफटॉप प्रणाली जल्द स्थापित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।प्रधानाचार्य ने बताया कि वे स्वयं स्पेशल एजुकेटर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय में दिव्यांग बच्चों को प्रवेश में प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता और मेस संचालन की जानकारी भी ली। प्रधानाचार्य ने बताया कि मेस का संचालन स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जा रहा है तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक है। इस पर जिलाधिकारी ने गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधरोपण कराने और किचन गार्डन विकसित करने के लिए भी प्रधानाचार्य को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास में रह रही छात्राओं से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि छात्राओं की सभी आवश्यकताओं और सुविधाओं का नियमित रूप से ध्यान रखा जाए तथा किसी भी जरूरत पर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

