Dailyhunt
मैनपुरी में खौफनाक सड़क हादसा:  अज्ञात वाहन ने रौंदे बाइक सवार, तीन की मौत, शवों को भी कुचलते रहे वाहन

मैनपुरी में खौफनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने रौंदे बाइक सवार, तीन की मौत, शवों को भी कुचलते रहे वाहन

Bhaskar Digital 1 month ago

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के किशनी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद सड़क पर गिरे शवों को भी तेज रफ्तार वाहन लगातार कुचलते हुए गुजरते रहे। सुनसान इलाके और अंधेरे के चलते काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंच सकी।

जानकारी के अनुसार, कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय मोहम्मद वसीम, 50 वर्षीय सत्तार और 35 वर्षीय आफताब शादी समारोह में शामिल होने मैनपुरी आए थे। देर रात दावत से लौटते समय किशनी-कुसमरा मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में वसीम और सत्तार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आफताब को पहले सीएचसी और फिर सैफई रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

तेज धमाके की आवाज सुनकर पॉलिटेक्निक कॉलेज के चौकीदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि मृतक वसीम की पहचान उसके जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से हुई। एक साथ तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital