Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मथुरा-वृन्दावन का ट्रैफिक सुधारने को बनीं 4 टीमें, परिक्रमा मार्ग से हटेगा अतिक्रमण

मथुरा-वृन्दावन का ट्रैफिक सुधारने को बनीं 4 टीमें, परिक्रमा मार्ग से हटेगा अतिक्रमण

Bhaskar Digital 5 days ago
  • ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र और एडीजी की मौजूदगी में बड़ा फैसला, अवैध पार्किंग पर तुरंत होगी कार्रवाई
  • वेंडिंग जोन विकसित कर रेहड़ी-पटरी संचालकों को किया जाएगा शिफ्ट
  • पुलिस, नगर निगम, एमवीडीए और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से करेंगे कार्रवाई

मथुरा : गीता शोध संस्थान वृन्दावन के परिसर में स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में मथुरा एवं वृन्दावन की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा इसमें सुधार लाने के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

ये बैठक उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की उपस्थिति में आयोजित की गई।

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कड़ा प्रहार

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने वृन्दावन की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए तत्काल 4 विशेष टीमों के गठन के निर्देश दिए हैं। इन टीमों में पुलिस, मथुरा वृन्दावन नगर निगम, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग तथा स्थानीय समाजसेवियों को शामिल किया जाएगा।

पहली टीम: छटीकरा चौराहा से रमण रेती चौकी तक कमान संभालेगी।

दूसरी टीम: रमण रेती चौकी से जुगल घाट तक तैनात रहेगी।

तीसरी टीम: रमण रेती चौकी से केशी घाट तक मुस्तैद रहेगी।

चौथी टीम: परिक्रमा मार्ग के अन्य प्रमुख स्थानों पर व्यवस्था संभालेगी।

इन टीमों का एकमात्र मुख्य कार्य अपने-अपने निर्धारित रूट पर निरंतर अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाना, अवैध निर्माण व कब्जों को ढहाना, अनाधिकृत पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई करना और गलत तरीके से खड़े वाहनों को क्रेन से तुरंत हटवाकर उनका चालान करना होगा।

लापरवाही पर निरस्त होगा ई-रिक्शा का पंजीकरण

अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि इन टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई की रोजाना समीक्षा की जाएगी। अभियानों की फोटो युक्त रिपोर्ट तैयार होगी और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने कहा कि कुछ चिन्हित क्षेत्रों को पूरी तरह से रेहड़ी, पटरी और ठेलों से मुक्त कर उन्हें वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाए। वहीं, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने अवैध व अनाधिकृत ई-रिक्शा पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश राजपूत को निर्देशित किया कि जिन ई-रिक्शा संचालकों के 5 बार चालान हो चुके हैं, उन्हें नोटिस दिया जाए और उससे अधिक चालान वाले ई-रिक्शा का पंजीकरण तुरंत निरस्त करने की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाए।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक को अमली जामा पहनाने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने चारों टीमों के सुपरविजन की जिम्मेदारी अपर नगर मजिस्ट्रेट वृन्दावन राजकुमार चौधरी तथा क्षेत्राधिकारी सदर पीपी सिंह को सौंपी है।समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसपी राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक, अपर नगर मजिस्ट्रेट वृन्दावन राजकुमार चौधरी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश राजपूत सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital