Dailyhunt
नशेड़ी पति ने सुअर बेचने के विवाद में पत्नी को उतारा मौत के घाट, खेत में डंडे से सिर फोड़ा; आरोपी फरार

नशेड़ी पति ने सुअर बेचने के विवाद में पत्नी को उतारा मौत के घाट, खेत में डंडे से सिर फोड़ा; आरोपी फरार

Bhaskar Digital 1 week ago

कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के भैवली गांव में शराब के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। यहां एक कलयुगी पति ने शराब की लत के चलते अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी।

वारदात उस समय हुई जब महिला खेत में मजदूरी कर रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

सुअर के पैसों से पी ली शराब, विरोध करने पर दी मौत
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय रामदेवी मजदूरी कर अपने परिवार और चार बच्चों का पेट पालती थीं। उनका पति हरिपाल शराब का कट्टर आदी था। विवाद की शुरुआत तब हुई जब हरिपाल ने घर में पाला गया सुअर बेच दिया और उन पैसों को शराब में उड़ा दिया। रामदेवी ने जब अपनी मेहनत की कमाई और घर की संपत्ति को इस तरह बर्बाद होते देखा, तो उन्होंने विरोध किया। इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से घर में भारी तनाव चल रहा था।

खेत में काम करते समय पीछे से किया हमला मंगलवार शाम को रामदेवी गांव के पास एक खेत में काम कर रही थीं। तभी नशे में धुत हरिपाल वहां पहुंचा और पीछे से भारी लकड़ी के डंडे से रामदेवी के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए।

सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण रामदेवी वहीं लहुलुहान होकर गिर पड़ीं। शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, रामदेवी की सांसें थम चुकी थीं। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी सरसौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया मृतका रामदेवी अपने पीछे दो बेटे, विनीत और मनीष, और दो बेटियों को छोड़ गई हैं।

बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि हरिपाल की शराब की लत ने पूरे घर को नरक बना दिया था। वह अक्सर रामदेवी के साथ मारपीट करता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह अपनी पत्नी की जान ही ले लेगा।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपी हरिपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital