New Delhi : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात का तेजी से खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक 28 मई 2026 को न्यू उस्मानपुर थाने में मोबाइल स्नैचिंग की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां शिकायतकर्ता मोहम्मद शहनवाज (22), जो पेशे से बस कंडक्टर हैं, ने बताया कि वह सेकेंड पुस्ता के पास शास्त्री पार्क की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवकों ने अचानक उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार होने लगे।
पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम (25), पुत्र अख्तर, निवासी बुलंद मस्जिद, शास्त्री पार्क और फरकान (21), पुत्र इरफान, निवासी उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का छीना गया मोबाइल फोन और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की। पूछताछ और वाहन की जांच के दौरान पता चला कि बरामद स्कूटी गांधी नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में एफआईआर संख्या 359/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर यह भी सामने आया कि दोनों पहले भी स्नैचिंग और चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी बड़े स्नैचिंग गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा इनके खिलाफ अन्य मामलों में भी जांच की जा रही है।

