Dailyhunt
पत्नी ने प्रेमी के संग मिलकर लिखी पति की मौत की इबारत, शराब पिलाकर गला घोंटा; फिर पेट्रोल से फूंकी लाश

पत्नी ने प्रेमी के संग मिलकर लिखी पति की मौत की इबारत, शराब पिलाकर गला घोंटा; फिर पेट्रोल से फूंकी लाश

Bhaskar Digital 1 week ago

Agra : ताजनगरी के सैंया क्षेत्र में रूह कंपा देने वाला हत्याकांड सामने आया है। एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों की राह में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची।

आरोपियों ने पहले शख्स को जी भर कर शराब पिलाई, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल और शराब डालकर उसे खेत में ही फूंक दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

खेत में मिला अधजला शव, हाथ पर गुदे नाम से हुई शिनाख्त
घटना का खुलासा तब हुआ जब बुधवार शाम करीब 7 बजे सैंया क्षेत्र के एक खेत में ग्रामीणों ने अधजला शव देखा। सूचना मिलते ही एडीसीपी (पश्चिमी जोन) आदित्य सिंह और एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के हाथ पर ‘लोकेंद्र’ नाम गुदा हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह लोकेंद्र के भाई शिवचरन ने कपड़ों और नाम के आधार पर उसकी शिनाख्त की। 39 वर्षीय लोकेंद्र मजदूरी करता था और उसके चार बच्चे (तीन बेटियां, एक बेटा) हैं।

6 महीने पहले शुरू हुआ ‘खूनी’ प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में सामने आया कि लोकेंद्र की पत्नी का गांव के ही एक युवक के साथ पिछले 6 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी अक्सर लोकेंद्र की गैरमौजूदगी में उसके घर आता था। जब लोकेंद्र को इस बात की भनक लगी, तो उसने कड़ा विरोध किया और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसकी जानकारी दे दी। इसी विरोध से नाराज होकर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर लोकेंद्र को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया।

शराब, अंगूर और मौत का खेल
साजिश के तहत बुधवार सुबह जैसे ही लोकेंद्र घर से निकला, पत्नी ने तुरंत अपने प्रेमी को सूचना दे दी। प्रेमी अपने एक साथी के साथ बाइक पर आया और रास्ते में लोकेंद्र को मिल गया। वे उसे बातों में फंसाकर शराब के ठेके पर ले गए। वहां से शराब की बोतल और एक ठेले से अंगूर खरीदे। तीनों एक सुनसान खेत में जाकर बैठ गए। जब लोकेंद्र नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तो आरोपियों ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद बाइक से पेट्रोल निकाला और लाश पर डालकर आग लगा दी। पेट्रोल कम पड़ा तो बची हुई शराब भी शव पर डाल दी, ताकि वह पूरी तरह जल जाए।

फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी ने खोला राज
पुलिस को घटनास्थल से शराब की एक खाली बोतल और वो कागज मिला जिसमें अंगूर रखे थे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने जब पास के शराब ठेके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो लोकेंद्र दो युवकों के साथ नजर आया। फल विक्रेता ने भी उन युवकों की पहचान की जिन्होंने किताब के पन्ने पर अंगूर खरीदे थे। कॉल डिटेल (CDR) और इन सुरागों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

एडीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और शुक्रवार को इस पूरे मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है कि कैसे 17 साल के रिश्ते का अंत महज छह महीने के अवैध संबंध के कारण इतना खौफनाक रहा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital