फर्रुखाबाद : भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जनपद फर्रुखाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए 31 मई से 2 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इस अवधि में मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज एवं झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और वज्रपात से कमजोर एवं अस्थायी संरचनाओं, कच्चे मकानों तथा फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही दृश्यता में कमी, विद्युत आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने, पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने, जलस्रोतों से दूर रहने तथा बिजली के उपकरणों को अनप्लग करने की अपील की है। किसानों को फसलों की सुरक्षा, खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने तथा अनावश्यक सिंचाई से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने तथा मौसम संबंधी ताजा जानकारी के लिए मौसम, मेघदूत और दामिनी मोबाइल ऐप का उपयोग करने का आग्रह किया है। जनहित में जारी इस चेतावनी के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

