Dailyhunt
शिवपुरी कोलारस में प्रेमी की हत्या के बाद प्रेमिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, इलाके में सनसनी

शिवपुरी कोलारस में प्रेमी की हत्या के बाद प्रेमिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, इलाके में सनसनी

Bhaskar Digital 2 weeks ago

शिवपुरी के कोलारस में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत सामने आया है। पहले प्रेमी अर्जुन पाल को युवती के परिजनों द्वारा बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, और अब उसी सदमे और पारिवारिक दबाव में प्रेमिका वर्षा कुशवाह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कुछ ही दिनों में हुई इन दो मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षा कुशवाह (20) ने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के समय घर में उसकी चचेरी बहन भी मौजूद थी। बहन को खाना लाने के लिए रसोई भेजा गया, और इस बीच वर्षा ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। जब बहन लौटी, तो उसने वर्षा का शव फंदे पर लटका हुआ पाया। एसडीओपी संजय मिश्रा और थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की आगे की जांच जारी है।

दरअसल, दो दिन पहले रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव निवासी अर्जुन पाल (26) अपनी प्रेमिका वर्षा को साथ ले जाने के इरादे से कोलारस आया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। उसी दिन वर्षा की सगाई भी तय थी, और दोनों ने साथ कहीं जाने की योजना बनाई।

अर्जुन अपने रिश्तेदार कल्ला पाल के साथ युवती के घर के पास पहुंचे, लेकिन परिजनों को भनक लग गई। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया। कल्ला भाग निकला, लेकिन अर्जुन को पकड़कर घर ले जाया गया और बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने शव को खेत से करीब 100 मीटर दूर नाले में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने उसके पिता और दादा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

प्रेमी की हत्या के बाद वर्षा को वन स्टॉप सेंटर से वापस उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घर पर मौजूद महिला और अन्य परिजन उसे लगातार कोस रहे थे। इसी मानसिक दबाव और उलाहनों के चलते वर्षा ने आत्मघाती कदम उठाया। कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने पुष्टि की कि वर्षा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की और मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital