- डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तलब किया, कहा- सिल्ट इंजेक्टर की सफाई के लिए शासन को भेजा जाएगा पत्र
- बाल्मीकि नगर बैराज पर बना सिल्ट इंजेक्टर वर्षों से खराब, गंडक नहर में बहकर आ रहा आधा बालू और आधा पानी
Maharajganj : खरीफ खेती के ऐन मौके पर बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग ने गंडक नहर में पानी तो छोड़ दिया, लेकिन नहर में आधा पानी और आधा बालू बहकर आ रहा है। यदि इसे तत्काल नहीं रोका गया तो नेपाल की पहाड़ी रेत से नहर कमांड एरिया के खेत पट सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, नहर के बालू को रोकने के लिए बाल्मीकि नगर बैराज के पास सिल्ट इंजेक्टर लगाया गया है, लेकिन यह वर्षों से खराब पड़ा है। सिंचाई विभाग का कहना है कि इसकी सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी बिहार सरकार की है। इस संबंध में कई बार पत्राचार भी किया गया, लेकिन बिहार के जल संसाधन विभाग की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
दैनिक भास्कर संवाददाता ने इस मामले में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से बात की। उन्होंने तत्काल सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से जानकारी ली और सिल्ट इंजेक्टर की खराबी व उसकी सफाई को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को तलब करते हुए पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सिल्ट इंजेक्टर की मरम्मत और सफाई के लिए बिहार सरकार तथा शासन को पत्र भेजा जाएगा।
पूर्वांचल की 3.33 लाख हेक्टेयर खेती पर संकट
गंडक नहर में पानी के साथ पहाड़ी रेत बहकर आने से महराजगंज ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जनपदों के लगभग 3.33 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हो सकती है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि समय रहते रेत को नहीं रोका गया तो उपजाऊ भूमि के लिए गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
वर्षों से खराब है सिल्ट इंजेक्टर
गंडक नहर में पानी के साथ रेत आने के मामले में सिंचाई विभाग खंड प्रथम, गोरखपुर के अधिशासी अभियंता विपिन सिंह ने बताया कि बाल्मीकि नगर बैराज के पास स्थित सिल्ट इंजेक्टर खराब होने की सूचना है। इसकी सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी बिहार सरकार की है। यह उपकरण नहर के बालू को छानने के लिए लगाया गया था, लेकिन अब यह सही ढंग से काम नहीं कर रहा है। इसे ठीक कराने के लिए बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग को कई बार पत्र भेजा जा चुका है।
डीएम का बयान
"गंडक नहर में पानी के साथ रेत बहकर आने की जानकारी मिली है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात की गई है। बताया गया है कि बाल्मीकि नगर बैराज के पास सिल्ट इंजेक्टर खराब है, जिससे नहर में रेत आ रही है। इसे ठीक कराने के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।"

