Dailyhunt
Sitapur :  बिसवां में डंपर ने ली छात्र की जान, सड़क पर बिखरा खून, बुझ गया घर का चिराग

Sitapur : बिसवां में डंपर ने ली छात्र की जान, सड़क पर बिखरा खून, बुझ गया घर का चिराग

Bhaskar Digital 2 weeks ago
  • चचेरे भाइयों को स्कूल छोड़ लौट रहा था शौर्य, सब्जी मंडी के पास काल बनकर आया डंपर
  • ​इंटरमीडिएट के छात्र की मौके पर ही मौत, परिजनों में मचा कोहराम और इलाके में फैला मातम

Sitapur : सीतापुर के बिसवां क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक ऐसी खबर आई जिसने हर किसी के दिल को दहला कर रख दिया।

गोपाल नगर मोहल्ले का रहने वाला 17 वर्षीय शौर्य गुप्ता, जो अभी अपनी उम्र के सुनहरे पड़ाव पर था और एलपीएस स्कूल में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था, एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। वह अपने चचेरे भाइयों को मंशाराम स्थित उनके स्कूल छोड़कर वापस घर की ओर लौट रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही उसकी बाइक बिसवां के बड़े चौराहे के पास सब्जी मंडी और वाइन शॉप के करीब पहुंची, तभी वहां से गुजर रहे एक डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अचानक बाइक फिसल गई और अनियंत्रित होकर सीधे डंपर के नीचे जा घुसी, जिससे मौके पर ही शौर्य की जान चली गई।

इस दर्दनाक हादसे को देख मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस खौफनाक मंजर की सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को तो कब्जे में ले लिया है, लेकिन चालक मौका पाते ही फरार होने में कामयाब रहा। इधर, जैसे ही शौर्य की मौत की खबर उसके घर पहुंची, आशीष गुप्ता उर्फ दीपू के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जवान बेटे को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital