Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Sitapur :  एकतरफा प्यार में युवती को गोली मारने वाले का अंत, गन्ने के खेत में मिला शव

Sitapur : एकतरफा प्यार में युवती को गोली मारने वाले का अंत, गन्ने के खेत में मिला शव

Bhaskar Digital 2 weeks ago
  • कमलापुर कांड के आरोपी अंबुज की संदिग्ध मौत से हड़कंप
  • पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, दूसरा साथी अब भी फरार

Sitapur : कमलापुर थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले सनसनी फैलाने वाले आरोपी का अंत बेहद नाटकीय और रहस्यमयी अंदाज में सामने आया है।

ज्योति नाम की युवती को एकतरफा प्यार में गोली मारकर फरार हुए मुख्य आरोपी अंबुज का शव खैराबाद इलाके के एक गन्ने के खेत से बरामद किया गया है। वारदात के बाद से ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं, लेकिन कानून के हाथों चढ़ने से पहले ही उसकी मौत की खबर ने पूरे इलाके को चौंका दिया है। शुक्रवार को जैसे ही ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में एक युवक का शव देखा, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की शिनाख्त की, तो वह कोई और नहीं बल्कि कमलापुर कांड का वांटेड आरोपी अंबुज निकला। पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में सबसे पेचीदा मोड़ यह है कि अंबुज के शरीर पर जाहिर तौर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। थाना अध्यक्ष से हुई बातचीत के मुताबिक, जहां अंबुज का शव पड़ा हुआ था, वहां उसके द्वारा की गई उल्टी के निशान जरूर पाए गए हैं, जिससे मामला किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या किसी अन्य अंदरूनी वजह की ओर इशारा कर रहा है।

हालांकि, पुलिस अभी किसी भी नतीजे पर पहुंचने से बच रही है और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं, इस पूरी वारदात में शामिल अंबुज का दूसरा साथी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital