Sitapur : बट्सगंज स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और अस्पताल परिसर के बाहर जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात डॉ. तौसीफ इलाही द्वारा गलत तरीके से ऑपरेशन किया गया तथा गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण जच्चा और नवजात की मौत हो गई। अस्पताल का संचालन डॉ. जेपी पाण्डेय द्वारा किया जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही। पुलिस संबंधित अस्पताल संचालकों और कर्मचारियों से पूछताछ कर मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटा रही है।

वहीं आक्रोशित परिजनों ने मृतक जच्चा-बच्चा के शव अस्पताल गेट पर रखकर प्रदर्शन किया और अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

