- शादी के महज एक माह बाद ही उजड़ गया काजल का सुहाग, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का सनसनीखेज आरोप
- रविवार सुबह कमरे में लटकी मिली लाश, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Mahmudabad, Sitapur : रामपुरकलां थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नवविवाहिता का शव उसके ही घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ पाया गया।
मृतका की शादी को अभी ठीक से एक महीना भी नहीं बीता था कि इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के तमाम लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना मृतका के भाई नीरज ने स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐबापुर की रहने वाली काजल पुत्री रामसंजीवन का विवाह बीते 25 अप्रैल को रामपुरकलां के फरीदपुर निवासी राज के साथ बड़े ही धूमधाम से हुआ था। शादी के बाद काजल अपने ससुराल फरीदपुर में रह रही थी। मृतका की मां ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दामाद राज और उसके परिवार के लोग शादी के बाद से ही काजल को कम दहेज के लिए ताने दे रहे थे और लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने की स्थिति में नवविवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते रविवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला।
बहन की मौत की खबर मिलते ही रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे भाई नीरज ने फौरन रामपुरकलां पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर दल-बल के साथ पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम और गंभीर आरोपों को लेकर रामपुरकलां थाना प्रभारी लल्ला गोस्वामी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही तहरीर मिलती है, संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

