गाजियाबाद। चर्चित सूर्या हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में मार गिराया है। आरोपी असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ट्रांस हिंडन क्षेत्र के खोड़ा थाना इलाके में की गई।
जानकारी के मुताबिक, 28 मई को बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घायल अवस्था में सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए पांच लोगों को नामजद किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, असद पुत्र नवाब इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि 31 मई को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान असद निवासी मदरसे वाली गली, थाना खोड़ा, कमिश्नरेट गाजियाबाद के रूप में हुई। घायल असद को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह बाइक को लेकर हुआ विवाद था। बताया जा रहा है कि असद ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी, जिसे सूर्या ने चलाने के लिए मांगा था। बाइक देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

