महराजगंज। जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार रात सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के कसमारिया गांव निवासी खुशीहाल वर्मा (65) पुत्र स्वर्गीय रामाश्रय वर्मा मंगलवार रात लगभग 8:15 बजे भोजन करने के बाद अपने दूसरे मकान पर सोने के लिए पैदल जा रहे थे। जब वे झनझनपुर-सिंदुरिया मार्ग पर कसमारिया गांव के मुख्य संपर्क मार्ग के पास पहुंचे, तभी सिंदुरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की गति काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशीहाल वर्मा कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया। हालांकि उपचार शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी लीलावती देवी और तीन पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।
सूचना मिलने पर सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

