Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Video :  27 सेकंड में मासूम का कत्ल, 8 बार जमीन पर पटका, विचलित करने वाला वीडियो आया सामने

Video : 27 सेकंड में मासूम का कत्ल, 8 बार जमीन पर पटका, विचलित करने वाला वीडियो आया सामने

Bhaskar Digital 2 weeks ago

UP Crime News Video: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र की यादव कॉलोनी में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रिश्ते की भाभी द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने कथित रूप से उनके डेढ़ वर्षीय बेटे की हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी बच्चे के शव को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, बच्चे की नानी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक निवासी शेखूपुर, जनपद बदायूं को शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे भुड़ा भरतरा रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया गया है कि शनिवार को रती अपनी मां पिंकी देवी के साथ पति के खिलाफ दर्ज कराए जाने वाले मामले को लेकर कानूनी सलाह लेने शिकोहाबाद आई थीं। अधिवक्ता से मिलने का समय शाम का होने के कारण वे यादव कॉलोनी स्थित अपनी मां की सहेली पुष्पलता के घर रुकी थीं। इसी दौरान पिंकी देवी से लोकेशन प्राप्त कर आरोपी विराज भी वहां पहुंच गया।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने वहां पहुंचकर रती पर अपने पति को तलाक देकर उससे शादी करने का दबाव बनाया। जब मां-बेटी ने इसका विरोध किया तो वह डेढ़ वर्षीय आरव को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ बाहर ले गया। आरोप है कि कुछ दूरी पर ले जाकर उसने मासूम की हत्या कर दी।

घटना का पता तब चला जब काफी देर तक बच्चा वापस नहीं लौटा। परिजन जब उसकी तलाश में बाहर निकले तो घर के गेट के पास बच्चे का शव पड़ा मिला। इसके बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। वीडियो में आरोपी बच्चे को लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दुखद और अमानवीय घटना बताते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Bhaskar Digital