यूपी : उत्तर प्रदेश की राजधानी में हाल ही में दिनदहाड़े हुए भाजपा नेता और बिल्डर हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद विभूतिखंड के एसीपी विनय द्विवेदी और इंस्पेक्टर अमर सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है।
शनिवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राजधानी समेत विभिन्न जिलों में हुई हत्या की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में हाल ही में हुई दो हत्या की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की निगरानी में ढिलाई बरतने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई और ऐसे मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने गाजीपुर में हाल के दिनों में हुई घटनाओं पर भी असंतोष व्यक्त किया। इसके अलावा हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए बयानों को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ सार्वजनिक बयान देने की हिदायत दी।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने उन जिलों के पुलिस अधिकारियों को भी चेतावनी दी, जहां बीते दिनों सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों की घटनाएं सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए आयोजित इस बैठक में शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा पुलिस कमिश्नरेट, जोन, रेंज और जिला स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जनता में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने के निर्देश दिए।

