Dailyhunt
नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, 130 किलो नकली पेस्ट बरामद, लाखों का समान जब्त

नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, 130 किलो नकली पेस्ट बरामद, लाखों का समान जब्त

Breaking Tube 6 days ago

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बाहरी दिल्ली के कंझावला में एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाया जा रहा था। पुलिस ने फैक्ट्री से लाखों की कीमत का नकली टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, पैकेजिंग मटेरियल और मशीनरी बरामद की।

इस मामले में फैक्ट्री के मालिक हरिओम मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से छह श्रमिकों को भी हिरासत में लिया गया।

घटिया टूथपेस्ट किया जा रहा था तैयार

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने फैक्ट्री में छापा मारा। जांच में पता चला कि खाली सेंसोडाइन ट्यूब में घटिया और अस्वच्छ पेस्ट भरा जा रहा था। उपायुक्त पंकज कुमार के मुताबिक, यह नकली टूथपेस्ट लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता था।

आरोपित और श्रमिकों की पहचान

फैक्ट्री के मालिक हरिओम मिश्रा, जो सेक्टर-2 रोहिणी का निवासी है, को गिरफ्तार किया गया। मौके पर मिले छह श्रमिकों की पहचान रवि कुमार, जितेंद्र यादव, अभिषेक कुमार, कोलेंदर यादव, सुमित कुमार और रोहित के रूप में हुई। पूछताछ में सभी ने बताया कि वे मिश्रा के आदेश पर नकली पेस्ट ट्यूबों में भरने, सील करने और पैकिंग का काम कर रहे थे।

फैक्ट्री से बरामद सामग्री

पुलिस ने मौके से ट्यूब फिलिंग और सीलिंग मशीन, हजारों खाली और भरे ट्यूब, कैप्स, कार्टन, प्रिंटेड टेप, हीटिंग गन, सुपर ग्लू और करीब 130 किलो नकली पेस्ट बरामद किया। कंपनी के प्रतिनिधि ने मौके पर जांच कर पुष्टि की कि यह उत्पाद नकली और अस्वच्छ है।

आगे की जांच जारी

जांच में सामने आया कि आरोपित ने लगभग सात महीने पहले यह गोदाम किराए पर लिया था और लोकल लेवल पर नकली पेस्ट तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब आरोपित से उसके सप्लायर और पूरे डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Breaking Tube Hindi