बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGV) की केमिस्ट्री लैब में एक छात्रा द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में लैब में रखा खतरनाक केमिकल पीकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
केमिकल के सेवन के बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने से विश्वविद्यालय परिसर और सहपाठियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाते हुए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहाँ चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। इस संवेदनशील घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर घोर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं और यह गंभीर सवाल उठाया जा रहा है कि लैब के प्रतिबंधित व घातक रसायनों तक छात्रा की पहुंच आखिर कैसे संभव हुई। फिलहाल, आत्मघाती कदम उठाने के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, और पुलिस सहित विश्वविद्यालय प्रशासन परिजनों व सहपाठियों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच में जुट गया है।

