Dailyhunt
महिला आबकारी SI पर मारपीट और उगाही के आरोप, जांच शुरू

महिला आबकारी SI पर मारपीट और उगाही के आरोप, जांच शुरू

CG Top36 4 days ago

Bemetara. बेमेतरा। जिले के बेरला क्षेत्र में पदस्थ महिला आबकारी उप निरीक्षक पर एक युवक ने मारपीट और उगाही की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में पीड़ित युवक ने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नरसिंह साहू ने बताया कि घटना रात करीब 10 बजे की है। उसका आरोप है कि आबकारी उप निरीक्षक निवेदिता मिश्रा उसे बेरला स्थित एक भट्टी से जबरन उठाकर बेमेतरा के कंट्रोल रूम ले गईं। वहां उसके साथ मारपीट की गई और 50 हजार रुपये की मांग की गई।पीड़ित के अनुसार, जब उसने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उसे जेल भेजने और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी गई। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे महिला अधिकारी द्वारा झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी भी दी गई।

घटना के बाद से युवक खुद को मानसिक रूप से परेशान महसूस कर रहा है और काम पर जाने से भी डर रहा है। नरसिंह साहू ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि उसे इस घटना के बाद लगातार अन्य लोगों के माध्यम से भी धमकियां मिल रही हैं। उसने पुलिस से सुरक्षा और उचित कार्रवाई की मांग की है।मामले में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सोनल ग्वाल ने बताया कि युवक की शिकायत प्राप्त हुई है। चूंकि मामला आबकारी विभाग से संबंधित है, इसलिए इसकी जांच की जा रही है।

जांच के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पक्षों के बयान लिए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: CG Top36