(Photo Credits Instagram)
Dog Return Home After 3.5 Months: गुजरात के बनासकांठा जिले से आस्था और इंसान तथा बेजुबान के बीच अटूट प्रेम की एक अनोखी खबर सामने आई है. पालनपुर-सिद्धपुर हाईवे स्थित एक होटल से लगभग साढ़े तीन महीने पहले लापता हुआ 'टाइगर' नाम का लैब्राडोर नस्ल का कुत्ता अचानक सुरक्षित अपने घर लौट आया.
पालतू साथी की सुरक्षित वापसी से गदगद होटल मालिक ने मां अंबाजी से मांगी गई मन्नत पूरी की और पूरे स्टाफ तथा 'टाइगर' के साथ प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर तक 60 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी की.
प्राप्त विवरण के अनुसार, बनासकांठा क्षेत्र के एक होटल से करीब साढ़े तीन महीने पहले टाइगर अचानक गायब हो गया था. होटल मालिक और कर्मचारियों ने आसपास के इलाकों में उसकी लगातार तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका. स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद आशंका जताई जा रही थी कि महंगी नस्ल का होने के कारण कोई उसे ले गया है.
कुत्ते की वापसी की उम्मीदें जब लगभग समाप्त हो चुकी थीं, तब मालिक ने प्रसिद्ध अरासुरी अंबाजी मंदिर में प्रार्थना की. उन्होंने मन्नत मांगी कि यदि उनका वफादार कुत्ता सकुशल वापस लौट आता है, तो वे पैदल यात्रा करके माता के दरबार में दर्शन करने पहुंचेंगे.
महीनों के इंतजार के बाद हाल ही में एक नाटकीय घटनाक्रम में टाइगर अचानक अपने होटल के पास दिखाई दिया. रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक पास से गुजर रहे ऑटो-रिक्शा में मौजूद था, जहां उसने अपने मालिक की आवाज पहचान ली. आवाज सुनते ही वह रिक्शे से नीचे उतरा और सीधे मालिक की तरफ दौड़ पड़ा. इस भावुक मिलन ने होटल मालिक और वहां मौजूद कर्मचारियों को भावविभोर कर दिया.
अपनी मन्नत के अनुसार, होटल मालिक ने अविलंब अंबाजी मंदिर के लिए 60 किलोमीटर की पदयात्रा प्रारंभ की. इस धार्मिक यात्रा में होटल का पूरा स्टाफ शामिल हुआ, जबकि 'टाइगर' पूरे जुलूस के आकर्षण का केंद्र बना रहा.
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का समूह लाउडस्पीकर पर बजते धार्मिक गीतों और गरबा की धुन पर नाचते-गाते हुए मंदिर पहुंचा. सोशल मीडिया पर इस यात्रा के वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहे हैं, जहां लोग इस अनोखे जुड़ाव और धार्मिक निष्ठा की सराहना कर रहे हैं.

