पटना : कर्नाटक के एक चीनी कारोबारी के साथ करीब 3 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।आरोप है कि, भुगतान मिलने के बावजूद पटना के एक कारोबारी ने न तो चीनी की खेप भेजी और न ही रकम वापस की।शिकायत के बाद कर्नाटक पुलिस की विशेष टीम जांच के लिए पटना पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई की।कर्नाटक पुलिस ने पटना के कोतवाली थाना पुलिस के सहयोग से मौर्या कॉम्प्लेक्स स्थित आरोपी कारोबारी के कार्यालय में छापेमारी की।हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी कार्यालय में ताला लगाकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी नहीं मिला।
भुगतान के बाद भी नहीं भेजी गई चीनी…
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के एक बड़े चीनी व्यापारी ने पटना के कारोबारी को करीब 3 करोड़ रुपये की चीनी का ऑर्डर दिया था। समझौते के तहत पूरी भुगतान राशि पहले ही भेज दी गई थी, लेकिन लंबे समय तक चीनी की आपूर्ति नहीं की गई। आरोप है कि न तो माल भेजा गया और न ही कारोबारी की रकम लौटाई गई।
संपर्क टूटने पर दर्ज कराया धोखाधड़ी का मामला…
पीड़ित कारोबारी ने कई बार आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की। शुरुआत में उसे आश्वासन देकर टालमटोल किया गया, लेकिन बाद में आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने कर्नाटक में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस…
मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पटना पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी फरार मिला। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि, कर्नाटक पुलिस जांच के सिलसिले में पटना आई थी। आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

