अलीगढ़ : लंबे समय से बंद पड़ी द किसान चीनी मिल लिमिटेड, साथा को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसीएम को सौंपा। यह ज्ञापन 29 अप्रैल 2026 को जिला कलेक्टर मुख्यालय पर एसीएम दिग्विजय सिंह को दिया गया।
सपा नेताओं ने कहा कि, यह मिल क्षेत्र के गन्ना किसानों और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का एक अहम स्रोत रही है, इसलिए इसका जल्द पुनर्निर्माण किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में बताया गया कि, इस चीनी मिल की स्थापना वर्ष 1977 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1200 टीसीडी क्षमता के साथ की गई थी और इसका उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था। मिल के शुरू होने के बाद अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के गन्ना किसानों को बड़ा लाभ मिला था और हजारों लोगों को रोजगार भी प्राप्त हुआ था।
सपा ने आरोप लगाया कि, खराब प्रबंधन और लगातार उपेक्षा के कारण यह चीनी मिल वर्षों से बंद पड़ी है, जिससे क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। मिल बंद होने के कारण गन्ना किसानों को अपनी फसल दूर स्थित अन्य मिलों में ले जानी पड़ रही है, जिससे उनका खर्च बढ़ रहा है और उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर और अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए साथा चीनी मिल का सिर्फ जीर्णोद्धार ही नहीं, बल्कि पूरी तरह से पुनर्निर्माण किया जाए, ताकि क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियां फिर से शुरू हो सकें।

